2027 की चुनावी बिसात: अमित शाह के देहरादून दौरे से होगा चुनावी शंखनाद, विपक्ष ने भी कसी कमर
loktantra bachao arajakata hatao campaign उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस और बीजेपी संगठनात्मक तैयारी तेज कर दी हैं.
देहरादून: उत्तराखंड में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल तेजी से गरमाने लगा है. चुनावी तारीखों के नजदीक आने से पहले ही केंद्रीय नेताओं के दौरे और पार्टियों के जनसंपर्क अभियान तेज हो गए हैं. इसी कड़ी में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 6 नवंबर को देहरादून आ रहे हैं, जहां वे परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाली विशाल पदयात्रा और जनसभा को संबोधित करेंगे. भाजपा इस आयोजन को प्रदेश में अपनी ताकत दिखाने और आगामी चुनाव की रणनीति पर मुहर लगाने के बड़े मौके के रूप में देख रही है.
दरअसल, आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अमित शाह का दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. क्योंकि इस दौरे के साथ ही चुनावी शंखनाद होने की संभावना है. यही वजह है कि भाजपा इस दौरे को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रही है. साथ ही इसकी तैयारियों में भी दमखम से जुट गई है. तय कार्यक्रम के अनुसार, गृहमंत्री अमित शाह 6 नवंबर को करीब दोपहर 12 बजे परेड ग्राउंड में होने वाली पदयात्रा-रैली में शामिल होंगे.
पहले उनके कार्यक्रम में पुलिस लाइन का कार्यक्रम पहले रखा गया था, लेकिन अब क्रम बदला गया है और वे पहले पदयात्रा में जुड़ेंगे. यह कार्यक्रम ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान से जोड़ा गया है. पार्टी का दावा है कि देहरादून महानगर, ऋषिकेश, देहरादून ग्रामीण और हरिद्वार जिले से करीब 25 हजार से अधिक कार्यकर्ता इस जनसभा में शामिल होंगे.
गृहमंत्री अमित शाह का उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित है जिसके तहत 6 नवंबर को देहरादून आएंगे. इस दौरान सरकारी कार्यक्रम में शिरकत करने के बाद एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. जिसकी तैयारियां और बैठके जोरों-शोरो पर चल रही है. जब अमित शाह उत्तराखंड आते हैं तो कार्यकर्ता काफी अधिक सक्रिय हो जाते हैं. ऐसे में आगामी विधानसभा चुनाव का आगाज भी होगा, इस दौरान कार्यकर्ताओं को दिशा निर्देश भी देंगे. अमित शाह में सरदार बल्लभभाई पंत के कुछ अंश भी देखने को मिलते हैं. क्योंकि जो निर्णय लेते हैं उसे निर्णय पर अडिग रहते हैं और अमल करते हैं.
-खजान दास, कैबिनेट मंत्री-
भाजपा ने रायपुर, राजपुर, धर्मपुर, कैंट और मसूरी विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की बैठकें कर आयोजन को सफल बनाने की तैयारियां तेज कर दी हैं. इसके साथ ही काशीपुर और जसपुर क्षेत्रों से भी करीब एक हजार कार्यकर्ताओं को रैली में लाने की तैयारी भी है. पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं से समय पर स्थल पहुंचने और भारी संख्या में भागीदारी करने की अपील कर रहे हैं.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का जो अभी तक कार्यक्रम आया है. उसके अनुसार वो देहरादून में एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं. इसके साथ ही अमित शाह का परेड ग्राउंड में एक जनसभा भी होनी है. लिहाजा इस जनसभा के जरिए अमित शाह कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. हालांकि, इसमें जनता की भी सहभागिता रहेगी. अमित शाह का उत्तराखंड बार-बार आना कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का काम कर रहा है. ऐसे में इस बार भी भाजपा को तीसरी बार सरकार बनाने के लिए मार्गदर्शन देंगे, 2060 पर के लक्ष्य को आगामी विधानसभा चुनाव में पूरा करेंगे.
-कुंदन परिहार, प्रदेश महामंत्री, भाजपा-
उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर अभी समय है, लेकिन दोनों मुख्य पार्टियों की तैयारियां तेज हैं. भाजपा की ओर से पदयात्राएं, जनसभाएं और कोर कमेटी की बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जबकि कांग्रेस अपने नेताओं के दौरों और जनसंपर्क अभियान की योजना बना रही है. 6 नवंबर को देहरादून का परेड ग्राउंड इस राजनीतिक गतिविधि का केंद्र बनेगा.
हर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के दौरे लगते रहते हैं. उसी क्रम में अमित शाह का उत्तराखंड दौरा है. उत्तराखंड राज्य चुनावी मोड में आ चुका है ऐसे में अब तमाम नेता उत्तराखंड दौरे पर आएंगे. इसी तरह कांग्रेस के भी तमाम नेता उत्तराखंड आ रहे हैं जिनके कार्यक्रम बन रहे हैं. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जब उत्तराखंड आ रहे हैं तो उनसे बस एक सवाल है कि अंकित भंडारी मामले में चल रही सीबीआई जांच की रिपोर्ट कब तक आ जाएगी? इसके साथ ही अन्य तमाम सवालों को भी जवाब दें.
-राजेंद्र सिंह भंडारी, प्रदेश महामंत्री, कांग्रेस
अमित शाह की मौजूदगी में होने वाली इस जनसभा को भाजपा आगामी चुनाव का पहला बड़ा शंखनाद मान रही है. तो वहीं, कांग्रेस के लिए ये मौका होगा कि वो अपने दौरों और मुद्दों के जरिए विपक्षी को मजबूत करे. आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में नेताओं के दौरे, रैलियां और जनसभाएं और तेज होने की उम्मीद है.
