April 20, 2026

Doon Daily News

आवाज़ उत्तराखंड की

बदरीनाथ हेली सेवा: गौचर से शुरू होने जा रहीं शटल उड़ानें, चारधाम यात्रा होगी सुगम

प्रदेश सरकार चारधाम यात्रा को और अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में लगातार नए कदम उठा रही है। इस कड़ी में अब केदारनाथ के साथ-साथ बदरीनाथ के लिए भी हेली शटल सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसका जिम्मा थंपी एविएशन को दिया गया है। गौचर से बदरीनाथ के लिए एक तरफ का किराया तकरीबन 11 हजार रुपये होगा।

प्रदेश में इस वर्ष अप्रैल में चारों धाम के कपाट खुलने के साथ ही यात्रा भी शुरू हो जाएगी। अभी चारधाम यात्रा के दौरान केवल केदारनाथ धाम के लिए ही शटल सेवाएं संचालित होती हैं। ये सेवाएं फाटा, सिरसी और गुप्तकाशी से संचालित की जाती हैं। इन सेवाओं से हजारों श्रद्धालु लाभान्वित हो रहे हैं। इसे देखते हुए इस वर्ष बदरीनाथ व यमुनोत्री के लिए शटल सेवाएं संचालित करने की दिशा में कदम बढ़ाए जा रहे हैं। यमुनोत्री के लिए अभी कुछ तकनीकी अड़चन आने के कारण कार्य शुरू नहीं किया जा सका है।
वहीं, बदरीनाथ के लिए शटल सेवाओं के लिए टेंडर खोल दिए गए हैं। गौचर से बदरीनाथ के एक तरफ के हवाई सफर में तकरीबन 22 मिनट लगेंगे। इसका किराया केदारनाथ की हेली सेवाओं से अधिक है। केदारनाथ में हेली सेवाओं का अधिकतम सफर 15 मिनट का है। बदरीनाथ के लिए भी हेली सेवाओं की बुकिंग आइआरसीटीसी की साइट के जरिये की जाएगी।
केदारनाथ हेली सेवा के लिए गत वर्ष जितना ही रहेगा किराया
यूकाडा ने गत वर्ष हेली दुर्घटनाओं के बाद दूसरे चरण की केदारनाथ हेली सेवाओं के संचालन में 30 प्रतिशत कटौती करने के साथ ही किराया में भी 50 प्रतिशत तक की वृद्धि की थी। इस वर्ष केदारनाथ के लिए नए सिरे से टेंडर होने हैं। इस बार भी हेली सेवाएं कम चलेंगे। चूंकि यूकाडा ने दूसरे चरण में किराया बढ़ोत्तरी की थी तो इस कारण टेंडर में किराया गत वर्ष जितना ही रखा गया है। यद्यपि, सही दर टेंडर खुलने के बाद ही सामने आएगी।