Categories

October 24, 2026

Doon Daily News

आवाज़ उत्तराखंड की

उत्तराखंड में दो मार्च को जेपी नड्डा करेंगे दौरा, लोकसभा चुनाव की परखेंगे तैयारी

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी दुष्यंत गौतम ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा रखी गई विकास की नींव पर आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुलंद भारत का निर्माण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले हम पहचान बनाने को चुनाव लड़े, फिर दूसरे नंबर पर आने को, उसके बाद जीतने को और अब नए रिकार्ड के साथ लगातार जीतने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। ये चुनाव 2047 के विकसित भारत की नींव रखने, दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने, जाति और पंथ विहीन समाज खड़ा करने और प्रत्येक क्षेत्र में विश्व का सिरमौर बनने के लिए हैं।
मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित भाजपा प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति की पहली बैठक में दुष्यंत गौतम ने कहा कि आज विश्वभर में भारतवासियों को गर्व की दृष्टि से देखा जाता है। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में अनेक ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। जो लोग धारा 370 हटाने पर तिरंगा उठाने वाला नहीं होगा, कहते थे, वही तिरंगे के नीचे जन गण मन गाते दिखाई दिए। श्रीराम मंदिर का निर्माण अरबों सनातनियों की कल्पना का साकार रूप है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बैठक को चुनावी बिगुल फंूकने वाला बताते हुए कहा कि हमें सभी लोकसभा सीटों को पांच लाख से अधिक मतों के अंतर से जीतने के लक्ष्य को पूरा करना है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव प्रदेश प्रबंधन समिति के 38 विभागों में 103 सदस्यों की तरह ही लोकसभा और विधानसभा स्तर पर भी चुनाव प्रबंधन समितियों का शीघ्र गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का बुधवार को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरा अब दो मार्च को होगा। वह हल्द्वानी में कुमाऊं क्लस्टर सम्मेलन, रायवाला में लोकसभा क्षेत्रों की चुनाव प्रबंधन की बैठक और देहरादून का प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने प्रबंधन समिति के सदस्यों को उनके विभागों से जुड़े चुनावी कार्यों को लेकर जानकारी दी। बैठक में समिति के सभी 38 विभागों के प्रमुख एवं सह प्रमुखों के साथ पार्टी नेतृत्व द्वारा चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

 

 

More Stories

Don't Miss